मुंबई में कल होगा सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार
मुंबई में कल होगा सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार

मुंबई में कल होगा सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार

- दिन के 11.20 की फ्लाइट से मुंबई जायेंगे पिता केके सिंह - साथ में भाजपा विधायक व चचेरे भाई नीरज कुमार बबलू भी जायेंगे राजीव मिश्रा पटना, 14 जून (हि.स.)। बेहद लोकप्रिय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार 15 जून को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में किया जायेगा। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे यह जानकारी सुशांत के मित्र व पड़ोसी विशाल सिंह ने दी। स्कूल में दो साल जूनियर रहे विशाल ने बताया कि सुशांत के पिता केके सिंह सोमवार को दिन के 11.20 की फ्लाइट से मुंबई जायेंगे। उनके साथ सुशांत के भाई और सुपौल से भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू के भी जाने की संभावना है। इन दोनों के पहुंचने के बाद सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार किया जाएगा। नर्सिंग हॉस्टल का व्यवसाय करने वाले विशाल सिंह ने बताया कि बहन नीतू और बहनोई से काफी नजदीक थे। सुशांत के जीजा जी ओमप्रकाश सिंह एडीजी हैं और चंडीगढ़ में पदस्थापित हैं। दोनों आज (रविवार) की शाम में ही मुंबई पहुंच चुके हैं। विशाल कहते हैं, बहन और जीजा जी सुशांत का काफी ख्याल रखते थे। एक तरह से वे दोनों ही गार्जियन की भूमिका में रहते थे। उल्लेखनीय है कि रविवार को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में 34 साल के अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने फांसी लगा ली। इससे बॉलीवुड ही नहीं, पूरा देश हैरान है। अभी तक मौत की वजह सामने नहीं आई है। लेकिन यह पता चला है कि सुशांत डिप्रेशन में थे। छह माह से दवाइयां ले रहे थे। कूपर हॉस्पिटल में तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। क्राइम ब्रांच की टीम सुशांत के बांद्रा स्थित फ्लैट पहुंची और मौके का जायजा लिया । चचेरे भाई ने कहा, नवंबर में शादी करने वाले थे सुशांत सुशांत सिंह राजपूत इसी साल नवंबर में शादी करने वाले थे। बिहार के पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी मलडीहा स्थित उनके पैतृक घर पर लोगों की भीड़ जुटी थी। इसी बीच सुशांत के चचेरे भाई पन्ना कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि सुशांत इसी साल नवंबर में शादी करने वाले थे। सुशांत से बातचीत के बाद पूरे परिवार ने मुंबई जाने की तैयारी कर ली थी। हालांकि, पन्ना यह नहीं बता पाये कि सुशांत की शादी किससे होने वाली थी। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in